वार्ड की हर शिकायत को तुरन्त दूर करने के दिए निर्देश
दिल्ली मेल संवाददाता
रोहिणी/नई दिल्ली। वार्ड-24 से भाजपा निगम पार्षद विनोद महेन्द्रू ने नगर निगम द्वारा दी जाने वाली नागरिक सुविधाओं में कोई लापरवाही न हो इसके लिए रोहिणी सेक्टर-16 स्थित सेवा कार्यालय में निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। साथ हीं वार्ड क्षेत्र से आनेवाली शिकायतों और उसके समाधान की समीक्षा भी की। बैठक में नगर निगम के सभी विभागों के अधिकारियों समेत भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय त्यागी व अनेक पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान विनोद महेन्द्रू ने निगम कर्मचारियों से कहा कि क्षेत्र में सफाई, मेंटेनेंस या पार्कों के रख-रखाव समेत किसी भी कार्य में लापरवाही वर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की शिकायत आने पर उसका पूरा रिकॉर्ड रखा जाए और तुरन्त इसे दूर करने के लिए कदम उठाया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जन शिकायतों के दूर हो जाने पर शिकायतकर्ता से फोन पर बातकर इस बात की पुष्टि कराई जाए की निगम कर्मचारियों द्वारा किए गए कार्य से वे संतुष्ट है या नहीं।
विनोद महेन्द्रू ने मंडल अध्यक्ष समेत पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भी क्षेत्र की बेहतरी में अपनी भुमिका सुनिश्चित करें। और वार्ड के किसी भी ब्लॉक में यदि कोई अनियमितता दिखती है तो उसकी शिकायत तुरन्त कार्यालय में दर्ज कराएं ता की उसे जल्द से जल्द दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य क्षेत्र को साफ-सुथरा रखते हुए यहां की शिकायतों को न्यूनतम स्तर पर लाना है। और इसके लिए हम सभी को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।