मनोज तिवारी ने फेस मास्क, सैनिटाइजर, आयुर्वेदिक काढ़ा और डस्टबिन का किया वितरण


दिल्ली मेल संवाददाता
नई दिल्ली। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने गौतमपुरी में वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए जरूरतमंदों में फेस मास्क, सैनिटाइजर, आयुर्वेदिक काढ़ा और स्वच्छता के लिए डस्टबिन का वितरण किया। 
इसे लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया कार्यक्रम का आयोजन गौतमपुरी के निगम पार्षद एवं शाहदरा उत्तरी क्षेत्र जोन चेयरमैन केके अग्रवाल ने किया। निगम पार्षद कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व महापौर सत्या शर्मा, मीडिया विभाग के प्रदेश सह प्रमुख आनंद त्रिवेदी, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदलाल कंगनवाल, भाजपा नेता दिवाकर पांडे, अमित जैन गौरव गर्ग, मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष रामभज अग्रवाल सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



इस दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी केंद्र सरकार दिल्लीवासियों के हितों के लिए समर्पित है। गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारी जहां दिन रात महामारी से निपटने के लिए तत्पर हैं। वहीं हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता राशन भोजन दवाइयां और रोकथाम के लिए जरूरी सामान वितरित करने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जनता की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कोरोना महामारी की दवाई ना बन जाए तब तक हमें अपनी और जन सुरक्षा के लिए  परस्पर सहयोग बेहतर तालमेल  के साथ महामारी का सामना करना है। भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को जन अभियान बनाने की जरूरत है तभी कोरोना जैसी खतरनाक महामारी पर निजात पाई जा सकेगी। श्री तिवारी ने सामाजिक संस्थाओं को बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील भी की।



जोन चेयरमैन केके अग्रवाल ने बताया कि मनोज तिवारी के द्वारा एक हजार फेस मास्क, एक हजार आयुर्वेदिक काढ़ा और एक हजार सैनिटाइजर और एक हजार डस्टबिन वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्य आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने जानकारी दी कि विगत तीन महीने से जरूरतमंदों तक मदद पहुंचे इसे सुनिश्चित करते हुए उनके हितों के लिया काम किया जाता रहा है। स्वच्छता के लिए डस्टबिन आवश्यक है तो वहीं सैनिटाइजर फेस मास्क और आयुर्वेदिक काढ़ा कोरोना से खतरनाक महामारी से लोगों के लिए बड़े कारगर सिद्ध हुए हैं।