लोगों को सुरक्षित रखने और इस महामारी को काबू करने में नगर निगम सीमित संसाधनों के साथ दे रही है अहम योगदान : आदेश गुप्ता
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में दिल्ली नगर निगम भी अहम भूमिका निभा रही हैं। नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लेने के उद्देश्य से दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने एंड्रयूस गंज स्थित दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के स्कूल में बनाए गए नवनिर्मित आइसोलेशन सेंटर का दौरा किया। इस दौरान दक्षिणी दिल्ली नगर निगम महापौर अनामिका मिथिलेश, नेता सदन नरेंद्र चावला, स्थायी समिति उपाध्यक्ष तुलसी जोशी सहित निगम के अन्य नेता मौजूद रहे।
इस दौरान आदेश गुप्ता ने कहा कि नगर निगम भी युद्ध स्तर पर कोरोना से इलाज के लिए मैदान में है। नगर निगम लगातार दिल्ली में कम्युनिटी सेंटर को कोविड सेंटर में बदल रही है जिससे कोरोना के मरीजों को बेड की समस्या न हो और अब बेड की जरूरत को देखते हुए नगर निगम स्कूल को आइसोलेशन सेंटर में बदला गया है। यहां सारी सुविधाएं मौजूद हैं, जो कि एक कोरोना पीड़ित व संभावित मरीजों के लिए जरूरी है। नगर निगम की इस पहल से उन लोगों को काफी मदद मिलेगी जिनका घर छोटा है और उनके पास होम आइसोलेशन की व्यवस्था नहीं है।
श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते कोरोना मामलों को रोकने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी ने खुद आगे बढ़कर मोर्चा संभाला जिसका परिणाम है कि टेस्टिंग की संख्या बढ़ने के साथ ही कोरोनावायरस के मामले नियंत्रित है। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई तक दिल्ली में 6,79,831 टेस्ट किए गए हैं। रिकवरी दर 72 प्रतिशत से अधिक है और हर दिन करीब 20,000 से अधिक टेस्ट किए जा रहे हैं। दिल्ली के लोगों को सुरक्षित रखने और इस महामारी को काबू करने में नगर निगम भी सीमित संसाधनों के बावजूद अहम योगदान दे रही है।