संतोषी बाजपेई
नई दिल्ली। केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा हटाये जाने के फैंसले के खिलाफ हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा की अगुवाई में संसद भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जब संसद भवन का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे तब पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया हालाकि बाद में इन्हें छोड़ दिया गया।
संसद भवन का घेराव व प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने सुभाष चौपड़ा के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल, अरविन्दर सिंह लवली, पूर्व सांसद परवेज हाश्मी, महाबल मिश्रा, जगदीश टाईटलर, कृष्णा तीरथ, दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, हारुन यूसूफ, देवेन्द्र यादव, राजेश लिलौठिया, पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल, जितेन्द्र बघेल, डीपीसी में डेलिगेट अनुज कुमार त्यागी, करावल नगर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष नितिन त्यागी आदि लोगों को गिरफ्तार किया गया और बाद में सबको छोड़ दिया गया।
दोपहर तीन बजे से ही अलग-अलग टोलियों में भारी संख्या में पूरी दिल्ली से कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तिरंगे झंडे व सरकार विरोधी नारे लिखी हुई तख्तियां लेकर टाल्सटॉय मार्ग व जंतर-मंतर पर इक्टठा होना शुरू हो गए थे। प्रदर्शनकारी एसपीजी सुरक्षा का अधिकार, क्यों छीन रही मोदी सरकार, गांधी परिवारने दी कुबार्नी, उनकी सुरक्षा में क्यों नादानी आदि नारे लगा रहे थे। भारी भीड़ के मद्दे नजर पुलिस ने समस्त क्षेत्र को छावनी में तबदील कर दिया था। बड़े पैमाने पर अर्ध-सैनिक बलों की तैनाती व दंगा विरोधक दस्ते की गाड़ी भी तैनात की गईं थी।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए सुभाष चौपड़ा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जानबूझकर राजनैतिक साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार एक ऐसा परिवार है जिस परिवार के दो-दो पूर्व प्रधानमंत्रियों ने उग्रवाद के चलते अपनी जान का सर्वोच्च बलिदान इस देश के लिए दिया। जिनमें इंदिरा गांधी और राजीव गांधी शामिल है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों को देखते हुए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने एसपीजी कानून को संशोधन करके गांधी परिवार को एसपीजी कवर का प्रावधान किया था। उसके ठीक उल्ट आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह की जोड़ी अपनी राजनैतिक तानाशाही व राजनैतिक हितों की पूर्ति के लिए एसपीजी कवर हटा रहे है। उन्हांने मांग की कि तुरंत गांधी परिवार और डा. मनमोहन सिंह को एसपीजी सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
जय प्रकाश अग्रवाल व अरविन्दर सिंह लवली ने इस मौके पर कहा कि मोदी सरकार चौथे दर्जे की राजनीति कर रही है और जानबूझ कर कांग्रेस नेताओं के जीवन को खतरे में डाल रही है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह व चन्द्रशेखर के कार्यकाल में भी इसी तरह की प्रशासनिक लापरवाही के कारण स्व. राजीव गांधी की सुरक्षा कम कर दी गई थी और गांधी की हत्या के पीछे वो भी एक बड़ा कारण था। दोनो नेताओं ने कहा कि न केवल कांग्रेस कार्यकर्ता बल्कि समूचा देश मोदी सरकार की इस करतूत के खिलाफ गुस्से में है।