मैत्री संदेश सांस्कृतिक क्लब द्वारा आयोजित रामलीला में उमड़े हजारों लोग

रोहिणी। मैत्री संदेश सांस्कृतिक क्लब के तत्वावधान में रोहिणी स्थित जापानी पार्क में रामलीला का मंचन एवं दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें भगवान राम के जीवन आदर्शों को प्रदर्शित किया गया। दस दिनों तक चले इस रामलीला मंचन में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया और भगवान राम के जीवन आदर्शों से प्रेरणा लेकर खुद को अनुग्रहित किया। मंचन के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। रामलीला मंचन में भाग ले रहे कलाकारों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोहा। इस दौरान आयोजन समिति के संयोजक अशोक सिंह ने बताया कि रामलीला का मंचन मात्र मनोरंजन के लिए नहीं किया जाता अपितु यह हमारी भावीपीढी को भगवान रामचन्द्र के आदर्शों पर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है। साथ ही रामलीला हमारे लिए धार्मिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक अखंडता को बनाए रखने में भी सहायक है। उन्होंने बताया कि मैत्री संदेश सांस्कृतिक क्लब पिछले कई सालों से रामलीला मंचन का भव्य और सफल आयोजन करता आ रहा है। इस आयोजन में चेयरमैन पवन गुप्ता, वाइस चेयरमैन कृष्ण कुमार, अध्यक्ष राकेश गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरीश बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविन्द श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष नितिन बंसल, राहुल मित्तल, सह सचिव विवेक सरोहा एवं झुला मंत्री सुरेश सच्चर आदि लोगों ने विशेष भूमिका निभाई।